हरिद्वार- पूर्व में विभिन्न स्थानों पर डूबे व्यक्तियों की लगातार सर्चिंग कर रही SDRF टीम द्वारा आज दिनांक 05 जून 2026 को पथरी पावर हाउस क्षेत्र में सर्च अभियान के दौरान दो शव बरामद किए गए।
ज्ञात हो कि दिनांक 02 जून 2026 को सिटी कंट्रोल रूम, हरिद्वार से सूचना प्राप्त हुई थी कि पथरी पावर हाउस के निकट किश्ती नहर में एक युवक नहाते समय डूब गया है। उक्त सूचना पर SDRF टीम द्वारा तत्काल मौके पर पहुंचकर डीप डाइविंग, लाइन सर्च एवं अन्य उपलब्ध संसाधनों की सहायता से व्यापक सर्च अभियान चलाया गया था, किन्तु उस दौरान युवक का कोई सुराग प्राप्त नहीं हो सका था। इसके उपरांत SDRF टीम द्वारा लगातार क्षेत्र में सर्चिंग अभियान जारी रखा गया।
आज पुनः चलाए गए सर्च अभियान के दौरान SDRF टीम बहादराबाद द्वारा पथरी पावर हाउस के निकट नदी क्षेत्र से दो शव बरामद किए गए। बरामद शवों में से एक की पहचान उत्कर्ष पुत्र श्री गंभीर सिंह, उम्र लगभग 14 वर्ष, निवासी राजा गार्डन, कनखल, हरिद्वार के रूप में हुई। उक्त किशोर दिनांक 02 जून 2026 को सतनाम साक्षी घाट, प्रेम नगर आश्रम चौक के समीप नहाते समय पानी के तेज बहाव में बह गया था।
दूसरे युवक की पहचान अभी तक नहीं हो सकी है। SDRF टीम द्वारा दोनों शवों को नदी से बाहर निकालकर आवश्यक अग्रिम वैधानिक कार्यवाही हेतु सिविल पुलिस के सुपुर्द कर दिया गया है।
