नई दिल्ली- घरेलू शेयर बाजार में लगातार दूसरे दिन तेजी का रुख देखने को मिल रहा है। बुधवार को शुरुआती कारोबार के दौरान बॉम्बे स्टॉक एक्सचेंज (BSE) का सेंसेक्स 303.73 अंक की बढ़त के साथ 74,222.49 के स्तर पर पहुंच गया। वहीं, नेशनल स्टॉक एक्सचेंज (NSE) का निफ्टी भी 85.40 अंकों की मजबूती दर्ज करते हुए 23,327.50 के स्तर पर कारोबार करता दिखा। बाजार को रिलायंस इंडस्ट्रीज और आईसीआईसीआई बैंक जैसे हैवीवेट और ब्लू-चिप शेयरों में हुई खरीदारी से मजबूत सपोर्ट मिला है।
इन शेयरों में रही हलचल
टॉप गेनर्स (मुनाफा कमाने वाले): हिंदुस्तान यूनिलीवर, रिलायंस इंडस्ट्रीज, कोटक महिंद्रा बैंक, एशियन पेंट्स, ट्रेंट और आईसीआईसीआई बैंक के शेयरों में सबसे ज्यादा तेजी देखी गई।
टॉप लूजर्स (घाटे वाले): दूसरी ओर टाटा स्टील, इटरनल लिमिटेड, अदानी पोर्ट्स और टेक महिंद्रा के शेयरों में गिरावट का रुख रहा।
कच्चे तेल में गिरावट से राहत
वैश्विक बाजार में ब्रेंट क्रूड ऑयल की कीमतों में नरमी आई है और यह 91.90 डॉलर प्रति बैरल के आसपास ट्रेड कर रहा है। एक्सपर्ट्स का मानना है कि कच्चे तेल की कीमतों का 93 डॉलर से नीचे रहना भारतीय अर्थव्यवस्था के लिए बेहद सकारात्मक है।
विशेषज्ञों की राय: जियोजित इन्वेस्टमेंट्स के मुख्य निवेश रणनीतिकार वीके विजयकुमार के अनुसार, बाजार फिलहाल पश्चिम एशिया के तनाव को नजरअंदाज कर रहा है। वहीं लाइवलॉन्ग वेल्थ के संस्थापक हरिप्रसाद के ने बताया कि क्रूड में कमी से भारत की महंगाई और चालू खाता घाटे (CAD) पर दबाव कम होगा।
भू-राजनीतिक तनाव के बीच रुपया फिसला
शेयर बाजार में तेजी के बावजूद, विदेशी मुद्रा बाजार में भारतीय रुपये पर दबाव देखा गया। बुधवार को रुपया अमेरिकी डॉलर के मुकाबले 15 पैसे गिरकर 95.56 पर आ गया। अंतरबैंक बाजार में यह 95.52 पर खुला था।
व्यापारियों के मुताबिक, अमेरिका-इरान के बीच जारी जवाबी हमलों और पश्चिम एशिया में बढ़ते भू-राजनीतिक तनाव के कारण रुपये पर यह असर पड़ा है। अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप के हालिया बयानों ने भी बाजार का सेंटिमेंट प्रभावित किया। चूंकि भारत अपनी ऊर्जा जरूरतों के लिए आयात पर निर्भर है, इसलिए कच्चे तेल की कीमतों में किसी भी संभावित उछाल से व्यापार घाटा बढ़ने का डर रहता है, जिससे घरेलू मुद्रा कमजोर होती है। फिलहाल डॉलर इंडेक्स 0.03% की मामूली बढ़त के साथ 99.94 पर है।
पिछले कारोबारी सत्र (मंगलवार) का हाल
इससे पहले मंगलवार को भी बाजार हरे निशान पर बंद हुआ था। सेंसेक्स 394.50 अंक चढ़कर 73,918.76 और निफ्टी 119.10 अंक मजबूत होकर 23,242.10 पर बंद हुआ था। हालांकि, मंगलवार को विदेशी संस्थागत निवेशकों (FIIs) ने बाजार से 4,566.03 करोड़ रुपये के शेयर बेचे थे।
