श्रीनगर में ग्रीन मोबिलिटी की ऐतिहासिक शुरुआत
श्रीनगर- नगर निगम श्रीनगर गढ़वाल ने हरित ऊर्जा और आधुनिक परिवहन को बढ़ावा देने की दिशा में एक बड़ा कदम उठाया है। नगर निगम क्षेत्र में NIT के समीप ई.वी. (इलेक्ट्रिक वाहन) चार्जिंग स्टेशन के निर्माण कार्य का शुभारंभ हो चुका है, जिससे जल्द ही इलेक्ट्रिक वाहन चालकों को तेज और सुविधाजनक चार्जिंग सुविधा उपलब्ध हो सकेगी।
महापौर आरती भंडारी ने ठेकेदार के साथ निर्माण स्थल का निरीक्षण किया और कार्य की प्रगति का जायजा लिया। निरीक्षण के दौरान उन्होंने अधिकारियों को निर्माण कार्य गुणवत्ता और निर्धारित समयसीमा के भीतर पूरा करने के निर्देश दिए।
महापौर आरती भंडारी ने कहा कि भविष्य इलेक्ट्रिक वाहनों का है और नगर निगम उसी भविष्य को ध्यान में रखते हुए आधारभूत सुविधाओं को विकसित कर रहा है ऐसे में चार्जिंग इंफ्रास्ट्रक्चर का मजबूत होना बेहद जरूरी है। उन्होंने कहा कि यह परियोजना न केवल आम लोगों की सुविधा बढ़ाएगी, बल्कि पर्यावरण संरक्षण और कार्बन उत्सर्जन में कमी लाने में भी महत्वपूर्ण भूमिका निभाएगी।
उन्होंने कहा, “नगर निगम श्रीनगर हरित ऊर्जा के क्षेत्र में लगातार कार्य कर रहा है। हमारा प्रयास है कि शहर को स्वच्छ, आधुनिक और पर्यावरण के अनुकूल बनाया जाए।”
इस अवसर पर निगम के सम्मानित पार्षद दिनेश पटवाल भी मौजूद रहे। स्थानीय लोगों ने भी इस पहल का स्वागत करते हुए इसे शहर के विकास की दिशा में महत्वपूर्ण कदम बताया।
ई-वाहनों के बढ़ते दौर में यह चार्जिंग स्टेशन श्रीनगर को नई पहचान देने के साथ-साथ ग्रीन सिटी बनने की दिशा में मील का पत्थर साबित होगा।
