ऋषिकेश। उत्तराखंड में लगातार हो रही बारिश के चलते नदियों और बरसाती नालों का जलस्तर तेजी से बढ़ रहा है। ऋषिकेश बैराज और चीला मार्ग के बीच बहने वाली बीन नदी भी उफान पर है। नदी का तेज बहाव लोगों के लिए खतरा बनता जा रहा है, लेकिन इसके बावजूद कुछ लोग जान जोखिम में डालकर नदी पार करने का प्रयास कर रहे हैं।
इसी बीच बीन नदी में एक बड़ा हादसा होते-होते टल गया। तेज बहाव के बीच एक स्कूटी सवार युवक नदी में फंस गया और बाहर निकलने में असमर्थ हो गया। घटना का वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है, जिसमें युवक को नदी के बीच संघर्ष करते हुए देखा जा सकता है।
युवक को संकट में देख स्थानीय ग्रामीण तुरंत मौके पर पहुंचे। ग्रामीणों ने एकजुट होकर राहत अभियान चलाया और तेज बहाव के बीच फंसे युवक तक पहुंचने में सफलता हासिल की। काफी मशक्कत के बाद युवक को सुरक्षित नदी से बाहर निकाल लिया गया।
स्थानीय लोगों ने बताया कि बारिश के दौरान बीन नदी का जलस्तर अचानक बढ़ जाता है, जिससे नदी पार करना बेहद खतरनाक हो जाता है। लोगों की सुरक्षा को देखते हुए ग्रामीणों ने नदी के दोनों किनारों पर ट्रैक्टर-ट्रॉलियां तैनात की हैं, जिनकी मदद से जरूरतमंदों को सुरक्षित नदी पार कराया जा रहा है।
प्रशासन और स्थानीय लोगों ने आमजन से अपील की है कि बारिश के दौरान उफनती नदियों और नालों को पार करने का जोखिम न उठाएं तथा सुरक्षा निर्देशों का पालन करें।
