परेड ग्राउंड की बुकिंग को लेकर हुआ विरोध प्रदर्शन
देहरादून। कांग्रेस के वरिष्ठ नेता एवं लोकसभा में नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी के 17 जुलाई को प्रस्तावित ‘छात्रों की गूंज’ कार्यक्रम के आयोजन स्थल को लेकर मंगलवार देर रात देहरादून में राजनीतिक माहौल गरमा गया। परेड ग्राउंड की बुकिंग को लेकर कांग्रेस और प्रशासन आमने-सामने आ गए। विवाद बढ़ने पर कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने कार्यक्रम स्थल के बाहर धरना दिया और सरकार व प्रशासन के खिलाफ जमकर नारेबाजी की।
प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष गणेश गोदियाल के नेतृत्व में बड़ी संख्या में पार्टी कार्यकर्ता राजीव भवन से परेड ग्राउंड पहुंचे। कांग्रेस का दावा था कि कार्यक्रम के लिए परेड ग्राउंड की बुकिंग पहले ही कराई जा चुकी है। हालांकि, मौके पर पहले से मौजूद पुलिस बल ने सुरक्षा व्यवस्था के तहत पूरे क्षेत्र की घेराबंदी कर रखी थी, जिससे कार्यकर्ताओं और पुलिस के बीच तीखी नोकझोंक की स्थिति बन गई।
स्थिति तनावपूर्ण होने पर कांग्रेस कार्यकर्ता परेड ग्राउंड के बाहर ही धरने पर बैठ गए। इस दौरान उन्होंने प्रशासन पर कार्यक्रम में बाधा डालने का आरोप लगाया और राज्य सरकार के खिलाफ विरोध प्रदर्शन किया। देर रात तक प्रदर्शन जारी रहा और क्षेत्र में भारी संख्या में पुलिस बल तैनात रहा। फिलहाल, कार्यक्रम स्थल को लेकर असमंजस की स्थिति बनी हुई है और प्रशासन की ओर से सुरक्षा व्यवस्था कड़ी कर दी गई है।
