देहरादून। आबकारी विभाग की जनपदीय प्रवर्तन टीम ने अवैध शराब के कारोबार पर शिकंजा कसते हुए बड़ी कार्रवाई की है। थाना रोड स्थित धन्याड़ी-पांववाला सौडा क्षेत्र में चेकिंग अभियान के दौरान एक स्कूटी से 50 पाउच माल्टा देशी शराब बरामद की गई। पुलिस ने आरोपी को गिरफ्तार कर उसके खिलाफ आबकारी अधिनियम के तहत मुकदमा दर्ज किया है।
प्रभारी सहायक आबकारी आयुक्त प्रेरणा बिष्ट और आबकारी निरीक्षक जयबीर सिंह के नेतृत्व में शुक्रवार को अवैध शराब की बिक्री रोकने के लिए विशेष अभियान चलाया गया। इसी दौरान सुबह करीब 9:34 बजे मुखबिर से मिली सूचना के आधार पर धन्याड़ी-पांववाला सौडा, थाना रोड पर वाहन चेकिंग की गई।
चेकिंग के दौरान टीम ने स्कूटी संख्या UK07AA0516 को रोककर तलाशी ली। स्कूटी के पायदान पर रखे काले रंग के बैग से 50 पाउच माल्टा देशी शराब बरामद हुई। मौके से आरोपी सुरेश पुत्र श्यामलाल को गिरफ्तार कर लिया गया। साथ ही शराब की तस्करी में प्रयुक्त स्कूटी को भी कब्जे में ले लिया गया।
आबकारी विभाग ने आरोपी के खिलाफ उत्तराखंड आबकारी अधिनियम की धारा 60/72 के तहत मामला दर्ज कर आगे की कानूनी कार्रवाई शुरू कर दी है। विभाग का कहना है कि जिले में अवैध शराब के निर्माण, परिवहन और बिक्री के खिलाफ अभियान आगे भी लगातार जारी रहेगा।
