काठगोदाम-दिल्ली के बीच सुबह वंदे भारत चलाने की मांग
हल्द्वानी। नैनीताल-ऊधमसिंह नगर संसदीय क्षेत्र के सांसद अजय भट्ट ने कुमाऊं के यात्रियों को बेहतर रेल सुविधा दिलाने की दिशा में पहल करते हुए केंद्रीय रेल मंत्री अश्विनी वैष्णव से मुलाकात की। उन्होंने काठगोदाम और दिल्ली के बीच दैनिक प्रातःकालीन वंदे भारत एक्सप्रेस संचालित करने की मांग उठाई, ताकि यात्रियों को तेज, सुविधाजनक और समयबद्ध रेल सेवा मिल सके।
सांसद एवं पूर्व केंद्रीय राज्य मंत्री अजय भट्ट ने संसद भवन में केंद्रीय रेल मंत्री अश्विनी वैष्णव से मुलाकात कर काठगोदाम-दिल्ली-काठगोदाम के बीच प्रतिदिन सुबह वंदे भारत एक्सप्रेस चलाने का आग्रह किया। इस दौरान उन्होंने रेल मंत्री को मांग पत्र सौंपते हुए कहा कि काठगोदाम कुमाऊं क्षेत्र का प्रमुख रेलवे स्टेशन है और यह पूरे मंडल के लिए प्रवेश द्वार का कार्य करता है। यहां से प्रतिदिन बड़ी संख्या में पर्यटक, छात्र, व्यापारी और स्थानीय लोग दिल्ली सहित अन्य शहरों की यात्रा करते हैं।
अजय भट्ट ने कहा कि वर्तमान में काठगोदाम और दिल्ली के बीच कई रेल सेवाएं उपलब्ध हैं, लेकिन उनकी समय-सारणी यात्रियों की आवश्यकताओं के अनुरूप नहीं है। यदि सुबह के समय वंदे भारत एक्सप्रेस संचालित की जाती है, तो यात्री उसी दिन सुबह दिल्ली पहुंचकर अपने कार्य पूरे करने के बाद शाम को वापस काठगोदाम लौट सकेंगे, जिससे समय की बचत के साथ यात्रा भी अधिक सुविधाजनक होगी।
उन्होंने कहा कि इस रेल सेवा के शुरू होने से कुमाऊं क्षेत्र में पर्यटन को बढ़ावा मिलेगा, व्यापारिक गतिविधियां तेज होंगी और स्थानीय अर्थव्यवस्था को भी लाभ मिलेगा। उन्होंने यह भी बताया कि इस मांग को लेकर वह पूर्व में भी दो बार रेल मंत्री को पत्र लिख चुके हैं और व्यक्तिगत रूप से भी कई बार आग्रह कर चुके हैं, लेकिन अब तक इस दिशा में कोई ठोस निर्णय नहीं लिया गया है।
सांसद ने रेल मंत्री से जनभावनाओं और क्षेत्र की आवश्यकताओं को देखते हुए काठगोदाम-दिल्ली-काठगोदाम के बीच दैनिक प्रातःकालीन वंदे भारत एक्सप्रेस सेवा शीघ्र शुरू करने का अनुरोध किया।
