झांसी: जनपद के गुरसराय थाना क्षेत्र के सिंगार गांव में एक झकझोर देने वाला मामला सामने आया है। मंदिर में पूजा के लिए फूल तोड़ने गई 9 वर्षीय मासूम बच्ची से गांव के ही एक बुजुर्ग द्वारा दुष्कर्म के प्रयास का आरोप लगा है। वहीं, पुलिस हिरासत में लिए जाने के बाद आरोपी ने थाने के भीतर ही अपने गमछे से फंदा लगाकर आत्महत्या की कोशिश की। गंभीर हालत में उसे मेडिकल कॉलेज में भर्ती कराया गया है, जहां उसकी स्थिति चिंताजनक बनी हुई है।
घटना रविवार सुबह करीब 8:30 बजे की है। पीड़िता के परिजनों के अनुसार, मासूम बच्ची मंदिर जाने के लिए रास्ते में पड़े एक बाड़े से कनेर के फूल तोड़ रही थी। इसी दौरान आरोपी राजेंद्र प्रसाद ने उसे बहला-फुसलाकर बाड़े के अंदर बुला लिया और उसके साथ अश्लील हरकतें करते हुए यौन उत्पीड़न का प्रयास किया। बच्ची किसी तरह आरोपी की गिरफ्त से छूटकर रोते हुए घर पहुंची और परिजनों को आपबीती सुनाई।
पिता की तहरीर पर गुरसराय थाना पुलिस ने आरोपी के खिलाफ नामजद मुकदमा दर्ज कर उसे हिरासत में ले लिया था। हालांकि, गिरफ्तारी के कुछ ही देर बाद आरोपी ने थाना परिसर में गमछे से फांसी लगा ली। पुलिसकर्मियों ने तत्काल उसे फंदे से उतारकर झांसी मेडिकल कॉलेज भेजा, जहां उसे लाइफ सपोर्ट (पीपीआर) पर रखा गया है।
इस घटना के बाद पुलिस महकमे में हड़कंप मच गया है। एसएसपी बीबीजीटीएस मूर्ति ने मेडिकल कॉलेज पहुंचकर आरोपी के स्वास्थ्य की जानकारी ली और पूरे मामले की निष्पक्ष जांच के आदेश दिए हैं। एसएसपी ने बताया कि बच्ची की शिकायत पर कठोर धाराओं में केस दर्ज कर लिया गया है। वहीं थाने में हुई लापरवाही और आत्मघाती कदम की जांच की जिम्मेदारी एसपी (देहात) को सौंपी गई है।
