विकासनगर – फलों के दामों में लगातार हो रही बढ़ोतरी का असर अब आम उपभोक्ताओं और कारोबारियों दोनों पर दिखाई देने लगा है। बाजार में अधिकांश फलों की कीमतें पिछले वर्ष की तुलना में काफी अधिक हो गई हैं, जिससे लोगों की खरीदारी क्षमता प्रभावित हो रही है।
फल व्यापारियों का कहना है कि थोक मंडियों से ही फल ऊंची कीमतों पर पहुंच रहे हैं। यही वजह है कि खुदरा बाजार में भी दाम बढ़ गए हैं। कई ग्राहक बढ़ी हुई कीमतें सुनकर कम मात्रा में खरीदारी कर रहे हैं या बिना फल खरीदे ही लौट जा रहे हैं।
वर्तमान में स्थानीय सेब 200 से 250 रुपये प्रति किलो तक बिक रहा है, जबकि आयातित लाल सेब की कीमत 400 रुपये प्रति किलो से अधिक पहुंच गई है। केले का एक दर्जन 70 रुपये में मिल रहा है। इसके अलावा आम, लीची, अनार, अंगूर, मौसमी और नाशपाती जैसे फलों की कीमतों में भी उल्लेखनीय वृद्धि दर्ज की गई है।
व्यापारियों का मानना है कि यदि जल्द कीमतों में कमी नहीं आई तो फलों की खपत और बाजार की रौनक दोनों प्रभावित हो सकती हैं। बढ़ती महंगाई के बीच फल खरीदना भी अब कई परिवारों के लिए चुनौती बनता जा रहा है।
प्रमुख फलों के मौजूदा दाम (प्रति किलो):
- आम – 100 रुपये
- लीची – 150 रुपये
- अनार – 250 से 300 रुपये
- अंगूर – 200 रुपये
- मौसमी – 150 रुपये
- अनानास – 150 से 200 रुपये
- नाशपाती – 350 रुपये
