नई दिल्ली। अगर आप सोना या चांदी खरीदने की योजना बना रहे हैं, तो आपके लिए बड़ी खुशखबरी है। वैश्विक बाजारों में अस्थिरता कम होने और डॉलर की मजबूती के चलते इस हफ्ते सर्राफा बाजार में भारी गिरावट दर्ज की गई है। इस हफ्ते सोना जहां ₹5,000 से ज्यादा सस्ता हुआ है, वहीं चांदी की कीमतों में ₹15,000 से अधिक की बड़ी कटौती देखने को मिली है।
इंडिया बुलियन ज्वेलर्स एसोसिएशन (IBJA) द्वारा जारी ताजा आंकड़ों के मुताबिक, शुद्ध सोने (24 कैरेट) की कीमत ₹5,097 की गिरावट के साथ अब ₹1,39,873 प्रति 10 ग्राम पर आ गई है, जो पहले ₹1,44,970 पर थी।
गहनों वाले सोने (22 और 18 कैरेट) का नया भाव:
22 कैरेट सोना: अब घटकर ₹1,28,124 प्रति 10 ग्राम हो गया है (पहले ₹1,32,793 था)।
18 कैरेट सोना: इसकी कीमत भी कम होकर ₹1,04,905 प्रति 10 ग्राम पर आ गई है (पहले ₹1,08,728 था)।
इस सप्ताह सोने का सबसे निचला स्तर 25 जून की शाम को ₹1,39,461 दर्ज किया गया, जबकि 22 जून की सुबह यह ₹1,47,310 के उच्चतम स्तर पर था। वहीं चांदी की बात करें तो 22 जून की शाम को यह ₹2,37,801 के रिकॉर्ड स्तर पर थी, जो 25 जून की सुबह गिरकर ₹2,15,485 प्रति किलोग्राम के न्यूनतम स्तर पर आ गई।
बाजार एक्सपर्ट्स के अनुसार, अमेरिकी फेडरल रिजर्व द्वारा ब्याज दरें बढ़ाने के संकेतों के बाद ट्रेडर्स ने तेजी से मुनाफावसूली (Profit Booking) की है। इसके अलावा, डॉलर के मजबूत होने से अंतरराष्ट्रीय बाजार में सोने का दाम $4,100 प्रति औंस और चांदी $60 प्रति औंस के नीचे फिसल गई है। पिछले एक महीने में सोना करीब 10% और चांदी 25% तक टूट चुकी है।
