नैनीताल। सरोवर नगरी नैनीताल से एक सनसनीखेज मामला सामने आया है, जहाँ शनिवार सुबह प्रसिद्ध नैना देवी मंदिर के समीप झील में एक अज्ञात अधेड़ व्यक्ति का शव तैरता हुआ मिला। झील में शव मिलने की खबर फैलते ही पूरे इलाके में हड़कंप मच गया। स्थानीय नागरिकों की सूचना पर त्वरित कार्रवाई करते हुए पुलिस और रेस्क्यू टीम ने मौके पर पहुंचकर शव को पानी से बाहर निकाला।
प्रारंभिक अनुमान के मुताबिक, मृतक की उम्र करीब 45 से 55 वर्ष के बीच है, हालांकि अभी तक उसकी पहचान नहीं हो पाई है। पुलिस ने शव को अपने कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है।
पुलिस अब आसपास के सभी थानों से संपर्क कर हाल ही में दर्ज हुई गुमशुदगी के रिकॉर्ड खंगाल रही है ताकि मृतक की पहचान की जा सके। मौत के असल कारणों का खुलासा पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने और विस्तृत जांच के बाद ही हो सकेगा।
गौरतलब है कि नैनीताल झील में शव मिलने की यह लगातार दूसरी घटना है। इससे पहले बीते शुक्रवार को भी तल्लीताल क्षेत्र के पास झील से मल्लीताल निवासी एक 45 वर्षीय व्यक्ति का शव बरामद किया गया था। दो दिनों में दो शव मिलने से स्थानीय प्रशासन भी अलर्ट मोड पर है।
कोतवाल राजेन्द्र रावत ने बताया कि शव को फिलहाल मोर्चरी में सुरक्षित रखवा दिया गया है। उन्होंने जनता से अपील की है कि यदि किसी के पास भी इस व्यक्ति या किसी की गुमशुदगी से जुड़ी कोई जानकारी हो, तो वे तुरंत स्थानीय पुलिस से संपर्क करें।
