पौड़ी। उत्तराखंड के पर्वतीय क्षेत्रों में मानव-वन्यजीव संघर्ष थमने का नाम नहीं ले रहा है। पौड़ी जिले के नैनीडांडा विकासखंड के अंतर्गत पट्टी बिजलौट की ग्राम सभा बणासी तल्ली में शनिवार सुबह एक दिल दहला देने वाली घटना सामने आई है। यहाँ घास काटने गई एक महिला पर गुलदार ने अचानक हमला कर दिया, जिससे उसकी मौके पर ही मौत हो गई। इस दुखद घटना के बाद से पूरे इलाके में दहशत और मातम का माहौल है।
मिली जानकारी के अनुसार, शनिवार सुबह गांव की दो महिलाएं, सुशीला देवी और शांति देवी, मवेशियों के लिए चारा (घास) लेने गांव के ऊपरी हिस्से में स्थित जंगल की ओर गई थीं। इसी दौरान झाड़ियों में घात लगाए बैठे गुलदार ने सुशीला देवी पर अचानक हमला बोल दिया।
गुलदार को हमला करते देख साथ में मौजूद शांति देवी ने हिम्मत दिखाते हुए जोर-जोर से शोर मचाना शुरू किया और तुरंत ग्रामीणों को आवाज दी। चीख-पुकार सुनकर ग्रामीण लाठी-डंडे लेकर तेजी से मौके की तरफ दौड़े। लेकिन दुर्भाग्यवश, जब तक ग्रामीण घटनास्थल पर पहुंचे, तब तक गुलदार महिला को अपना निवाला बना चुका था और उसने दम तोड़ दिया था। इस घटना के बाद से ग्रामीणों में वन विभाग के खिलाफ भारी आक्रोश है और उन्होंने क्षेत्र में गश्त बढ़ाने की मांग की है।
