दिल्ली /NCR। गुरुग्राम के पटौदी रोड स्थित झुंड सराय क्षेत्र में मंगलवार देर रात एक बड़े औद्योगिक हादसे में वेयरहाउस में भीषण आग लग गई। आग सबसे पहले लाइफ लॉन्ग कंपनी के गोदाम में भड़की, जिसके बाद तेज हवाओं और अंदर रखे ज्वलनशील सामान के कारण लपटें तेजी से फैल गईं। कुछ ही समय में उसी इमारत में संचालित दो अन्य कंपनियां भी आग की चपेट में आ गईं।
घटना के समय वेयरहाउस में मौजूद कर्मचारियों ने सतर्कता दिखाते हुए तुरंत बाहर निकलकर अपनी जान बचाई। सूचना मिलते ही फायर विभाग की टीमें मौके पर पहुंचीं, लेकिन आग की भयावहता को देखते हुए गुरुग्राम के सभी फायर स्टेशनों से दमकल वाहनों को बुलाना पड़ा। इसके अलावा निजी कंपनियों की फायर यूनिट्स की भी सहायता ली गई।
बताया जा रहा है कि दो दर्जन से अधिक दमकल गाड़ियां रातभर आग बुझाने के अभियान में जुटी रहीं। दमकल कर्मियों को तीन अलग-अलग हिस्सों में फैली आग पर नियंत्रण पाने के लिए लगातार मशक्कत करनी पड़ी। पानी की तेज बौछारों के जरिए आग को अन्य क्षेत्रों तक फैलने से रोका गया।
प्रारंभिक जांच में किसी भी प्रकार की जनहानि की सूचना नहीं है। हालांकि आग से प्रभावित तीनों कंपनियों को भारी आर्थिक नुकसान होने की आशंका जताई जा रही है। फिलहाल आग लगने के कारणों का पता लगाने के लिए जांच जारी है और नुकसान का विस्तृत आकलन किया जा रहा है।
