श्री केदारनाथ धाम: श्री बदरीनाथ-केदारनाथ मंदिर समिति (बीकेटीसी) के अध्यक्ष हेमंत द्विवेदी ने पैदल मार्ग से श्री केदारनाथ धाम पहुंचकर यात्रा व्यवस्थाओं का स्थलीय निरीक्षण किया। धाम पहुंचने पर उन्होंने मंदिर परिसर, कार्यालय, दर्शन लाइन और श्रद्धालुओं के लिए उपलब्ध अन्य बुनियादी सुविधाओं का जायजा लिया तथा संबंधित अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश जारी किए। इस दौरान उन्होंने देश-विदेश से पहुंचे तीर्थयात्रियों से बातचीत कर व्यवस्थाओं का फीडबैक भी लिया।
बीकेटीसी अध्यक्ष हेमंत द्विवेदी ने जानकारी देते हुए बताया कि इस यात्रा सीजन में अब तक साढ़े चौदह लाख (14.5 लाख) से अधिक श्रद्धालु बाबा केदार के दर्शन कर आशीर्वाद प्राप्त कर चुके हैं। पवित्र श्रावण मास के चलते बड़ी संख्या में कांवड़ यात्री जलाभिषेक के लिए धाम पहुंच रहे हैं। उन्होंने कहा कि मानसून सीजन समाप्त होने के बाद शुरू होने वाले यात्रा के दूसरे चरण के लिए सभी तैयारियां तेजी से पूरी की जा रही हैं।
अपनी यात्रा के दौरान बीकेटीसी अध्यक्ष ने भगवान केदारनाथ के दर्शन कर विशेष पूजा-अर्चना एवं जलाभिषेक किया। इसके उपरांत उन्होंने श्री केदार सभा एवं बीकेटीसी के संयुक्त तत्वावधान में आयोजित शिवमहापुराण कथा के नवें दिन की कथा का श्रवण किया। कथा के दौरान आचार्य व्यास शिवराम भट्ट ने भगवान शिव की महिमा पर प्रकाश डालते हुए कहा कि भोलेनाथ केवल जलाभिषेक मात्र से ही प्रसन्न हो जाते हैं।
इस अवसर पर केदार सभा द्वारा बीकेटीसी अध्यक्ष का भव्य स्वागत किया गया। कार्यक्रम में बीकेटीसी उपाध्यक्ष विजय, श्री केदार सभा अध्यक्ष पं. राजकुमार तिवारी, केदारनाथ प्रभारी अधिकारी विपिन तिवारी, केदार सभा उपाध्यक्ष राजेंद्र तिवारी, मंत्री अंकित सेमवाल, कोषाध्यक्ष प्रवीण तिवारी, तीर्थ पुरोहित संतोष त्रिवेदी सहित कई गणमान्य लोग एवं तीर्थ पुरोहित मौजूद रहे।
